मवाना। डेरावाला पुल निवासी सालिम को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पीड़ित की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक नामजद व चार अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
डेरेवाला पुल निवासी हनीफा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा मोहम्मद सालिम अपने दोस्तों के साथ 5 अगस्त की रात 9:00 बजे दोस्त के घर मोहल्ला मुन्नालाल जाट काॅलेज के पीछे जा रहे थे। फरीद काॅलोनी में पहुंचे तो वहां पहले से ही दानिश निवासी अटौरा रोड अपने चार दोस्तों के साथ हाथों में लाठी-डंडे व तबल लिए खड़े थे। आरोपियों ने सालिम और उसके दोस्तों को देखते ही कहा, इनको मार दो।
आरोपियों ने एक राय होकर सालिम व उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला बोल दिया। साथ ही चोर-चोर कहकर शोर मचा दिया। सालिम लहूलुहान होकर मौके पर गिर गया। सालिम के दोस्त जान बचाकर मौके से भागे और मामले की जानकारी दी। सालिम गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दानिश व उसके चार अज्ञात दाेंस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दानिश व अब्दुल्ला निवासी मोहल्ला कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।