मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में एक माह पहले अधिवक्ता से मारपीट के मामले में पुलिस ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में अधिवक्ता पंकज शर्मा ने बताया कि उनके मोहल्ले में कृष्णा प्रकाशन है। प्रकाशन के मालिक और उनकी गाड़ी के चालक का वह नाम नहीं जानते हैं। आरोप है कि ये लोग अधिवक्ता के पुत्र के कार से आने-जाने में बाधा उत्पन्न करते हैं। कई बार समझाने पर भी नहीं माने। 22 अगस्त शाम करीब आठ बजे वह अपने घर जा रहे थे तो प्रकाशन के मालिक, चालक और तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ में मौजूद अधिवक्ता आरपी सिंह और दिलीप कुमार ने उन्हें बचाया। आरोप है कि सिविल लाइन पुलिस ने तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद