चीनी मिलों तक जाने वाली सड़कें दुरुस्त कराएं : डीएम
मेरठ। जिले में 30 अक्तूबर से पेराई सत्र शुरू होने वाला है। इसके मद्देनजर शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने चीनी मिलों और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ डीएम कार्यालय में बैठक की। उन्होंने सत्र शुरू होने से पहले पीडब्लूडी अधिकारियों को सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर जल्द से जल्द रिफ्लेक्टर लगवाए जाएं ताकि हादसे की संभावना न रहे। गन्ना तौल केंद्र की जांच कर घटतौली करने वाले गन्ना तौल केन्द्र प्रभारी पर सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को सत्र से पहले जल्द से जल्द सभी कार्य निपटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शशांक चैधरी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, जिला गन्ना अधिकारी दुष्यंत कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
--
गन्ना भुगतान के लिए जिला गन्ना अधिकारी से मिले किसान
- भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष अनुराग के नेतृत्व में शुक्रवार को किसान गन्ना भवन पहुंचे। यहां किसानों ने किनौनी मिल से जल्द से जल्द बकाया भुगतान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सत्र शुरू होने वाला है और अभी तक भुगतान नहीं हो पाया है जिस कारण किसान परेशान हैं।