हिंदू संगठनों ने जताया रोष, कार्रवाई की मांग
- पुलिस और पशुपालन विभाग ने लिए नमूने
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। गांव अतराड़ा के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह ईंख के खेत में भारी मात्रा में पशुओं के अवशेष व खून मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने संरक्षित पशुओं के वध की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों ने गैस गोदाम के पीछे अतराड़ा के जंगल में ईंख के खेत में बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ देखा। आसपास पशुओं के अवशेष भी पड़े मिले। मामले की सूचना ग्रामीणों ने हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और पुलिस को दी।
सूचना पर इंस्पेक्टर समयपाल अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। वहीं पुलिस की सूचना पर पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और अवशेषों के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिए। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने इसे संरक्षित पशुओं के वध की घटना बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ किठौर राम प्रकाश भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। सीओ का कहना है कि घटनास्थल से कुछ पशुओं के अवशेष बरामद हुए हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।