मेरठ। आयुक्त सभागार में मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की 17वीं बोर्ड बैठक व वार्षिक सामान्य बैठक हुई। मंडलायुक्त ने कहा कि सिटी ट्रांसपोर्ट के अधिकारी आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिटी ट्रांसपोर्ट का संचालन करें। जल्द से जल्द सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसें मंगाकर लोगों को राहत दें।
बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम ने की। बैठक में कुल आठ प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इसमें जिलाधिकारी व उपाध्यक्ष मेरठ विकास प्राधिकरण को बोर्ड निदेशक के रूप में नामित करने का प्रस्ताव पारित हुआ। कंपनी सचिव का एक वर्ष के लिए कार्य विस्तार किया गया। साथ ही ऑडिट आपत्तियों व सुझाव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के प्रबंध निदेशक विजय कुमार ने बताया कि जनपद को नई 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी है, जिस पर शासन स्तर से समन्वय बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोहियानगर में 05 एकड़ में सिटी ट्रांसपोर्ट का चार्जिंग स्टेशन, अड्डा व आफिस आदि बनाए जाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। कानपुर एसपीवी से 80 सीएनजी बसें मेरठ एसपीवी को स्थानांतरित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिसकी जल्द अनुमति मिलने की संभावना है। जिलाधिकारी के. बालाजी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी, अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिल्यान, आरटीओ डॉ. विजय कुमार, एएसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।