एडमिशन की चाह रखने वाले करीब 50 हजार छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिन्होंने अपना रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर नहीं किया है। ऐसा करने के लिए दो दिन बचे हैं। करीब 15 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन एडेड कॉलेजों में एडमिशन नहीं मिलने पर सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स में ट्रांसफर कराया है। रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर नहीं करने वाले अधिकांश छात्रों ने प्राइवेट का मूड बना लिया है।
सीसीएसयू एडेड कॉलेजों में सेल्फ फाइनेंस कोर्स को छोड़कर बाकी कोर्स में एडमिशन पूरे कर चुकी है। रजिस्ट्रेशन के दौरान विवि ने यह व्यवस्था की थी कि जिन आवेदनकर्ताओं का मेरिट में नाम नहीं आएगा, वह सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स में अपना रजिस्ट्रेशन बिना किसी चार्ज के ट्रांसफर कर सकेंगे। यह जान लेना जरूरी है कि मेरठ और सहारनपुर मंडल में करीब एक लाख छात्रों ने अलग-अलग कोर्स और कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन कराया था।
एडमिशन करीब 36000 ने लिया है। बाकी पंजीकृत आवेदकों को एडमिशन नहीं मिला। विवि ने जब सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन ओपन किए तो काफी कम आवेदकों ने अपने रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर कराए हैं। लगभग 15 हजार रजिस्ट्रेशन सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स में ट्रांसफर हुए हैं। नए रजिस्ट्रेशन होने और ट्रांसफर के लिए अभी दो दिन का वक्त है। विवि ने अंतिम तिथि 23 अगस्त तय की है। जानकारों का कहना रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर नहीं कराने वाले अधिकांश आवेदकों ने प्राइवेट पढ़ाई का मूड बना लिया है।
इसके बाद मौका नहीं
एडेड में सीट भरने और सेल्फ फाइनेंस तथा प्रोफेशनल कोर्स की भी प्रक्रिया शुरू होने के बाद पंजीकृत आवेदकों के पास अब प्राइवेट के अलावा कोई मौका नहीं है। विवि सेल्फ फाइनेंस कोर्स की पहली मेरिट 24 अगस्त को जारी करेगा।
बीकॉम में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन
सेल्फ फाइनेंस कोर्स में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन बीकॉम में हुए हैं। मेरठ और सहारनपुर मंडल में अभी तक करीब 35 हजार ने बीकॉम में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। बीएससी में यह संख्या लगभग 15 हजार है।