पहले दिन हुआ 110 बीएस-4 वाहनों का पंजीकरण
मेरठ। लॉकडाउन के बीच बीएस-4 वाहनों के पंजीकरण शुरू हो गया है। लॉकडाउन के चलते आरटीओ कर्मियों ने घर से ही सिस्टम पर अपलोड वाहनों का पंजीकरण किया। शाम तक करीब 110 वाहनों का पंजीकरण हुआ। बाहरी जिलों से खरीदे गए वाहनों के पंजीकरण करने के लिए ऑफिस खोलना जरूरी है। इसके लिए परिवहन विभाग डीएम कार्यालय से अनुमति लेने की कवायद में जुटा है। सुप्रीम कोर्ट ने बंद हो चुके बीएस-4 मानक वाले वाहनों के पंजीकरण 30 अप्रैल की आधी रात तक करने का समय दिया है। बृहस्पतिवार से उन वाहनों का पंजीकरण तो शुरू हो गया, जिनका टैक्स और डॉक्यूमेंट डीलर प्वाइंट से सिस्टम पर अपलोड किए जा चुके हैं। पहले दिन 110 वाहनों को पंजीकरण नंबर जारी किए गए। लेकिन काफी वाहन ऐसे हैं जो दूसरे जनपदों से खरीदे गए हैं और टेम्परेरी नंबर लेकर मेरठ में पंजीकरण होने हैं। ऐसे वाहनों के कागज न केवल चेक होने हैं, बल्कि टैक्स और पंजीकरण फीस भी जमा होनी है। इसके लिए आरटीओ ऑफिस का खुलना जरूरी है, लेकिन आरटीओ ऑफिस हॉट स्पॉट इलाके में है। इसके चलते इसे डीएम की अनुमति से ही खोला जा सकता है।
एआरटीओ प्रशासन स्वेता वर्मा ने बताया कि टेम्परेरी नंबर लेकर बाहर से आने वाले वाहनों के लिए ऑफिस खोलने की परमिशन के लिए जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा रहा है। अनुमति मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की जाएगी।