मेरठ में हमीदुल्ला खां द्वारा खुद को राज्यमंत्री बता शहर में होर्डिंग लगवाने का मामला शुक्रवार को तूल पकड़ गया। भाजपा नेताओं ने इसे धोखाधड़ी बताया। उन्होंने एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के आदेश पर ब्रह्मपुरी थाने में हमीदुल्ला खां के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
मेडिकल क्षेत्र के एल ब्लॉक में हमीदुल्ला खां नाम के व्यक्ति ने ईदुल-अजहा की बधाई देते होर्डिंग लगवाए हैं। इन होर्डिंग में उसने खुद को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री दर्शाया हुआ है। भाजपाइयों का कहना था कि मेरठ निवासी इस नाम का कोई भी व्यक्ति राज्यमंत्री नहीं है। शुक्रवार को भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बासित अली कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी मंजिल सैनी दहल से मिले। उन्हें कई तथ्य और साक्ष्य दिखाकर इस मामले में कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय ने बताया कि हमीदुल्ला खां ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की ग्रीन सिटी का रहने वाला है।