सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालते रंगे हाथ पकड़ा, वसूला जुर्माना
मेरठ। नगर निगम के प्रवर्तन दल सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को प्रवर्तन दल की एक टीम रिटायर्ड लेफ्टिनेंट शक्ति सिंह मलिक के नेतृत्व में बिजली बंबा बाईपास पहुंची। यहां पर बिजली बंबा बाईपास पर लोगों ने कूड़े का ढेर लगाया हुआ था। कूड़ा डालने वालों की निगरानी के लिए टीम के सदस्य और सफाई नायक बिजली बंबा बाईपास पर सड़क के एक ओर बैठ गए। इसी बीच एक व्यक्ति रिक्शे से कूड़ा लेकर पहुंच गया। जैसे ही उसने कूड़ा डालना शुरू किया तो टीम ने उसको पकड़ लिया।
उक्त युवक ने बताया कि वह कूड़ा मोहकमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में महावीर रबर इंडस्ट्रीज से लाया है। प्रवर्तन दल की टीम उसको लेकर महावीर रबर इंडस्ट्री पहुंची। फैक्टरी संचालक से कूड़े का गलत तरीके से निस्तारण करने पर उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए जुर्माना लगाने की बात कही। पहले तो कंपनी मालिक सौरभ जैन ने जुर्माना भरने से आनाकानी की। बाद में एक हजार रुपये जुर्माना भर दिया। इसके बाद टीम ने सुपर टेक के सुरक्षाकर्मियों से भी कूड़ा डालने वालों के बारे में पूछताछ की ताकि जुर्माने की कार्रवाई की जा सके।
आठ आवारा पशु पकड़े
प्रवर्तन दल की दूसरी टीम ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जसवंत तोमर के नेतृत्व में मवाना रोड पर आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 8 गोवंशों को पकड़ कर परतापुर गोशाला भिजवाया गया। जिसमें दो गोवंश मवाना रोड से और छह गोवंश कसेरू बक्सर टेंपो स्टैंड से पकड़े गए। इसके बाद शाम को प्रवर्तन दल ने अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ भी तेजगढ़ी चौराहा पर अभियान चलाया।