मेरठ। शारदीय नवरात्र पर बृहस्पतिवार को अमर उजाला की अतिथि संपादक सेंट्रल इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंट्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन की मेरठ ब्रांच की चेयरमैन चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) निमिषा अग्रवाल बनीं। उन्होंने खबरों पर अपना नजरिया व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमें दुनियादारी की जानकारी भी जरूर होनी चाहिए। इसके लिए अखबार पढ़ना सबसे अच्छा जरिया है।
अब जीएसटी से रोजगार में भी युवाओं को ऊर्जा मिल रही है। इसको बढ़ावा देने के लिए अखबार में कॅरिअर की खबरों को निरंतर पढ़ने की आदत डालें। किताबें और न्यूज पेपर पढ़ना बच्चों की आदत में शुमार होना चाहिए। अखबार पढ़ने से जहां हमारी भाषा सही होती है, वहीं शब्द कोष में भी वृद्धि और शुद्धि होती है।
सीए निमिषा अग्रवाल ने कहा कि बिना जाने हर कार्य चुनौती पूर्ण होता है, हमें चुनौती को स्वीकार कर कठिन मेहनत करनी चाहिए। ऐसे ही सीए बनना भी बड़ा कठिन माना जाता है, मगर ऐसा है नहीं। हां, पढ़ाई जरूर कठिन लगती है, मगर जब लगातार उसका अध्ययन और पठन पाठन करते है तो वो ही बड़ी आसान बन जाती है। जीवन में सफलता का भी ये ही मूलमंत्र होना चाहिए, कि हम लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम करें। यकीन मानिए सफलता हर हाल में हासिल होगी।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने विषम परिस्थितियों में अपने परिश्रम से ऊंचा मुकाम हासिल किया है, उन लोगों की सफलता की खबरें लोगों को प्रेरित करती है। इसलिए सफल लोगों के सक्सेस होने की खबरों को प्रमुखता देना चाहिए। कॅरिअर संबंधित खबरें युवा वर्ग के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक बनती है।
जीएसटी आने के बाद जागरूक हुए व्यापारी
सीए निमिषा ने कहा कि जीएसटी से संबंधित खबरों को भी अखबारों में प्रमुखता मिलनी चाहिए। अब युवा व्यापारी जीएसटी को लेकर जागरूक है, वो सरकारी दफ्तरों में चक्कर काटने के बजाए जीएसटी देकर अपना व्यापार भरोसेमंद बना रहे हैं। वो अपने अधिवक्ता, अकाउंटेंट और सीए से इस बारे में वार्ता करते हैं। जीएसटी के बाद नए अधिनियम में बड़ा परिवर्तन हुआ है। जिससे सरकार को राजस्व और व्यापारियों का पारदर्शिता के साथ कारोबार करने के अवसर मिल रहे है।
रोजगार के व्यापक अवसर
उन्होंने कहा कि सीए के क्षेत्र में रोजगार के अपार अवसर हैं। व्यापार से संबंधित देश-विदेश और स्थानीय स्तर पर भी समाचार पत्रों में निरंतर खबरें आ रही है। इन से युवा पीढ़ी प्रोत्साहित हो रही है। मेरठ में ही 100 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट है। यदि सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर जाकर देखें तो एक हजार से अधिक अकाउंटेंट की आवश्यकता यहां के व्यापारियों को है। एक अच्छा अकाउंटेंट भी व्यापारियों के बहिखातों को अपडेट कर प्रतिमाह 80 हजार से लेकर एक लाख रुपए तक कमा रहे है। मेरे परिवार में ही मेरे अलावा पति, ससुर और भाई भी चार्टर्ड अकाउंटेंट है।
शहर में अच्छा काम कर रही सोसाइटी
निमिषा अग्रवाल ने बताया कि शहर में अनेक सोसाइटी अच्छा कार्य कर रही है। कुछ सोसाइटी पर्यावरण के संवर्धन से लेकर समाज के लिए रचनात्मक कार्य कर रही है। कॉलोनियों में साफ सफाई, कचरा प्रबंधन, शानदार गार्डन, पौधरोपण आदि काम किए जा रहे है। इनसे शहरवासियों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। अपने शहर को आदर्श शहर बनाना हर नागरिक का दायित्व है।
प्रोफाइल
नाम-निमिषा अग्रवाल
चार्टर्ड अकाउंटेंट
दायित्व- सेंट्रल इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंट्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन की मेरठ ब्रांच की चेयरमैन
आईसीएआई मेरठ ब्रांच की पूर्व चेयरमैन
शैक्षिक योग्यता- सीए, एमबीए
निवास-नवल विहार, मेरठ