गन्ना भुगतान न करने वाली तीन मिलों की आरसी जारी
मेरठ। गत पेराई सत्र 2018-19 का संपूर्ण गन्ना मूल्य बकाया भुगतान नहीं करने पर मंडल की तीन शुगर मिलों की आरसी जारी कर दी गई है। यह जानकारी मेरठ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि सिंभावली, मोदीनगर और बुलंदशहर शुगर मिल पर पिछले पेराई सत्र का 323 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया है। इसमें सिंभावली मिल पर 19667.90 लाख, बुलंदशहर मिल पर 2271.44 लाख और मोदीनगर मिल पर 10417.90 लाख रुपये है। लगातार कहने के बाद भी तीनों शुगर मिल किसानों का बकाया भुगतान नहीं कर रही थी। विभाग ने तीनों की रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी थी। जिस पर शासन ने तीनों मिलों की आरसी जारी कर दी है। इन तीनों मिलों ने चालू पेराई सत्र 2019-20 का भी भुगतान शुरू नहीं किया है। सिंभावली मिल पर 250 करोड़, मोदीनगर मिल पर 170 करोड़ और बुलंदशहर मिल पर करीब 60 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। मिश्र ने बताया कि भुगतान लटकाने वाली मिलों पर सख्ती की जा रही है। जो भी मिल भुगतान नहीं करेगी तो उसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।