राष्ट्रोदय की तैयारी देखने पहुंचे सांसद राजेंद्र अग्रवाल, डीएम एसएसपी
- फोटो : अमर उजाला
जागृति विहार विस्तार योजना में 25 फरवरी को होने वाले राष्ट्रोदय कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था देखने डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी मंजिल सैनी मौके पर पहुंचीं। अफसरों ने भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक और अन्य नेताओं से भी सुरक्षा संबंधी जानकारी की। कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी थाना बनाकर डय्टी चार्ट का काम शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल को नौ सेक्टरों में बांटकर सभी रास्तों पर पुलिस का पहरा रहेगा।
एसएसपी ने बताया कि कार्यक्रम से तीन दिन पहले ही एटीएस और स्पेशल कमांडो मंच को सुरक्षा घेरे में ले लेंगे। कार्यक्रम स्थल और दो किमी के दायरे में पुलिस व पैरामिलेट्री तैनात रहेगी। सुरक्षा के लिए 15 एडिशनल एसपी, 50 सीओ, 100 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, 550 एसआई, 2500 सिपाही, दस कंपनी पीएसी, चार कंपनी आरएएफ/ पैरामिलेट्री फोर्स, पांच टीआई समेत 250 पुलिसकर्मी ट्रैफिक के और 500 होमगार्ड लगाए जाएंगे। दमकल विभाग की 20 गाड़ियां, डॉग स्क्वाएड, बम निरोधक दस्ते के अलावा ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। इसके बाद राष्ट्रोदय समागम के लिए एमडीए वीसी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके का दौरा किया।
दरअसल, जागृति विहार एक्सटेंशन से निकाली जा रही रोड को सीधे लोहियानगर से मिलाना है। इसके लिए एमडीए अधिकारियों ने लोहियानगर की तैयारियों को परखा। इस रोड पर साफ सफाई तथा गड्ढे आदि भरने को कहा।
पढ़ें : RSS कार्यकर्ताओं ने निकाली 183 फीट लंबी तिरंगा यात्रा, देखिए तस्वीरें
संघ परिवार ने आयोजन में आने वाले स्वयंसेवकों के भोजन को एकत्र करने के लिए सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। जिसके तहत जाति और धर्म से दूर हर परिवार से एक स्वयं सेवक का भोजन एकत्र किया जा रहा है। दलित और अति पिछड़ा वर्ग के परिवारों को मुख्य रूप से शामिल करने का निर्देश है। इसी नीति ने बसपा, सपा, कांग्रेस और रालोद खेमे में बेचैनी पैदा कर दी है।
भाषण की होगी समीक्षा
राष्ट्रोदय में सरसंघ चालक मोहनराव भागवत स्वयं सेवकों को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन की किसी भी तरह रिकार्डिंग करने की तैयारी गैर भाजपाई दल कर रहे हैं। सर संघ चालक के संबोधन की बाद में सभी दलों के नेता समीक्षा करते हुए उसका सार निकालेंगे।
व्यवस्था तंत्र पर भी नजर
प्रदेश में इस वक्त भाजपा की सरकार है। ऐसे में इस राष्ट्रोदय में प्रशासन का कितना सहयोग और किस रूप में मिल रहा है, इसकी भी रिपोर्ट गैर भाजपाई दल तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा संघ परिवार ने जहां 3.11 लाख स्वयं सेवकों के पंजीकरण का दावा किया है, तो विपक्षी दल इस दावे को भी परखने के लिए अपनी नजर लगाए हुए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/