फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘राष्ट्रोदय’ कार्यक्रम में जुटेंगे 3 लाख RSS कार्यकर्ता, बढ़ी गैर भाजपाई दलों की धड़कनें

Sun, 18 Feb 2018 02:09 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
आरएसएस कार्यकर्ता
विज्ञापन

मेरठ में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के ‘राष्ट्रोदय’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा में जहां उत्साह है, तो गैर भाजपाइयों दलों की धड़कनें बढ़ने लगी हैं। सभी दलों के आला नेताओं ने स्थानीय नेताओं को इस स्वयं सेवक समागम पर गंभीरता से नजर रखते हुए रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें समागम में आने वाली भीड़, सरसंघ चालक के संबोधन और आयोजन की व्यवस्था में लगे तंत्र पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है।

विज्ञापन


जागृति विहार एक्सटेंशन में 25 फरवरी को होने वाले राष्ट्रोदय स्वयं सेवक समागम में तीन लाख से ज्यादा आरएसएस के स्वयं सेवक आएंगे। इस आयोजन की तैयारी में आरएसएस और भाजपा का पूरा अमला जुटा है। संघ परिवार कुछ भी कहे, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से प्रदेश में राजनीति के संवेदनशील पश्चिमी क्षेत्र में होने वाला यह आयोजन लोकसभा चुनाव 2019 को साधने का भी प्रयास है। इस आयोजन को लेकर भाजपाइयों में खासा उत्साह है। मेरठ सहित सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल के 14 जनपदों के अंतर्गत आने वाली करीब 18 लोकसभा सीटों से स्वयं सेवक इस राष्ट्रोदय में आएंगे। इसलिए इस राष्ट्रोदय पर गैर भाजपाई दलों की नजर भी टिकी हुई है। 

18 स्वास्थ्य शिविर लगेंगे
राष्ट्रोदय कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग 18 स्वास्थ्य शिविर लगाएगा। इनमें नौ शिविर कार्यक्रम स्थल पर लगाए जाएंगे और नौ शिविर जागृति विहार में कार्यक्रम स्थल वाले नौ रास्तों पर लगाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि एक कैंप में पांच मेडिकल स्टाफ रहेगा,  दो चिकित्सक, एक-एक फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय और स्टाफ नर्स रहेगी। मेडिकल में 20 से 30 बेड आरक्षित कराए जाएंगे। जिला अस्पताल में भी 10 बेड आरक्षित कराए जाएंगे। निजी अस्पतालों में अलर्ट किया जाएगा।

विज्ञापन

एटीएस और स्पेशल कमांडो की निगरानी में होगा राष्ट्रोदय

राष्ट्रोदय की तैयारी देखने पहुंचे सांसद राजेंद्र अग्रवाल, डीएम एसएसपी - फोटो : अमर उजाला
जागृति विहार विस्तार योजना में 25 फरवरी को होने वाले राष्ट्रोदय कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था देखने डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी मंजिल सैनी मौके पर पहुंचीं। अफसरों ने भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक और अन्य नेताओं से भी सुरक्षा संबंधी जानकारी की। कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी थाना बनाकर डय्टी चार्ट का काम शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल को नौ सेक्टरों में बांटकर सभी रास्तों पर पुलिस का पहरा रहेगा। 

एसएसपी ने बताया कि कार्यक्रम से तीन दिन पहले ही एटीएस और स्पेशल कमांडो मंच को सुरक्षा घेरे में ले लेंगे। कार्यक्रम स्थल और दो किमी के दायरे में पुलिस व पैरामिलेट्री तैनात रहेगी। सुरक्षा के लिए 15 एडिशनल एसपी, 50 सीओ, 100 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, 550 एसआई, 2500 सिपाही, दस कंपनी पीएसी, चार कंपनी आरएएफ/ पैरामिलेट्री फोर्स, पांच टीआई समेत 250 पुलिसकर्मी ट्रैफिक के और 500 होमगार्ड लगाए जाएंगे। दमकल विभाग की 20 गाड़ियां, डॉग स्क्वाएड, बम निरोधक दस्ते के अलावा ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। इसके बाद राष्ट्रोदय समागम के लिए एमडीए वीसी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके का दौरा किया। 

दरअसल, जागृति विहार एक्सटेंशन से निकाली जा रही रोड को सीधे लोहियानगर से मिलाना है। इसके लिए एमडीए अधिकारियों ने लोहियानगर की तैयारियों को परखा। इस रोड पर साफ सफाई तथा गड्ढे आदि भरने को कहा।

पढ़ें : RSS कार्यकर्ताओं ने निकाली 183 फीट लंबी तिरंगा यात्रा, देखिए तस्वीरें
विज्ञापन

सामाजिक समरसता की नीति ने किया बेचैन

स्वयं सेवक
संघ परिवार ने आयोजन में आने वाले स्वयंसेवकों के भोजन को एकत्र करने के लिए सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। जिसके तहत जाति और धर्म से दूर हर परिवार से एक स्वयं सेवक का भोजन एकत्र किया जा रहा है। दलित और अति पिछड़ा वर्ग के परिवारों को मुख्य रूप से शामिल करने का निर्देश है। इसी नीति ने बसपा, सपा, कांग्रेस और रालोद खेमे में बेचैनी पैदा कर दी है। 

भाषण की होगी समीक्षा
राष्ट्रोदय में सरसंघ चालक मोहनराव भागवत स्वयं सेवकों को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन की किसी भी तरह रिकार्डिंग करने की तैयारी गैर भाजपाई दल कर रहे हैं। सर संघ चालक के संबोधन की बाद में सभी दलों के नेता समीक्षा करते हुए उसका सार निकालेंगे।

व्यवस्था तंत्र पर भी नजर 
प्रदेश में इस वक्त भाजपा की सरकार है। ऐसे में इस राष्ट्रोदय में प्रशासन का कितना सहयोग और किस रूप में मिल रहा है, इसकी भी रिपोर्ट गैर भाजपाई दल तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा संघ परिवार ने जहां 3.11 लाख स्वयं सेवकों के पंजीकरण का दावा किया है, तो विपक्षी दल इस दावे को भी परखने के लिए अपनी नजर लगाए हुए हैं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें