दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर निर्माण के लिए आज का दिन अहम है। 82 किमी के कॉरिडोर के एलीवेटेड हिस्से में लगाए जाने वाले ट्रैक और शहर में 12 किमी के एलीवेटेड ढांचे के निर्माण का शुभारंभ आज हो गया। इसके लिए एलएंडटी ने दो स्थानों पर कार्यक्रम किया। शताब्दीनगर सेक्टर चार-सी में भूमि पूजन से इसका शुभारंभ किया गया। इस दौरान रैपिड प्रॉजेक्ट में शामिल कई अधिकारी भी शामिल रहे।
इन दो पैकेजों का होगा शुभांरभ
पैकेज 17: एनसीआरटीसी ने एलएंडटी को ट्रैक का निर्माण, लगाने, मेंटेनेंस की जिम्मेदारी दी है। कॉरिडोर में खासतौर पर बैलेस्टलेस ट्रैक का प्रयोग किया जा रहा है। इससे एलीवेटेड ढांचा बनाने में कम लागत सहित कम मेंटेनेंस होता है। एलएंडटी को 648.46 करोड़ रुपये में टेंडर अवार्ड किया गया है। एनसीआरटीसी ने पहले चरण में दुहाई से शताब्दीनगर तक कार्य शुरू कर दिया है। ट्रैक का निर्माण शताब्दीनगर में किया जाएगा।
पैकेज 7: शताब्दीनगर से ब्रह्मपुरी और बेगमपुल से मोदीपुरम तक बनाए जाने वाले एलीवेटेड ढांचे के लिए पाइलिंग का कार्य शुरू होगा। इस रूट पर एचआरएस चौक से बेगमपुल तक भूमिगत ट्रैक बनाया जाना है।
इसके लिए अभी कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। पहले एलीवेटेड ट्रैक से शुरुआत की जा रही है। इस एलीवेटेड ट्रैक के निर्माण का जिम्मा भी एलएंडटी को 723.35 करोड़ में दिया गया है। इस पैकेज में ब्रह्मपुरी, एमईएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ नॉर्थ स्टेशन शामिल हैं।