रैपिड रेल : तीन दिन बाद दिल्ली रोड से अतिक्रमण हटवाएगा नगर निगम
मेरठ। रैपिड रेल परियोजना के कार्य के लिए नगर निगम तीन दिन बाद दिल्ली रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। इससे पहले अतिक्रमण करने वालों को सोमवार तक का समय दिया गया है। उन्हें चेतावनी दी गई है कि वे स्वयं सामान हटा लें, अन्य निगम को अतिक्रमण हटवाना पड़ेगा।
नगर निगम दिल्ली रोड को अतिक्रमण मुक्त करके देगा। इसके बाद ही एनसीआरटीसी ओवरहेड विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करेगी और पिलर खड़े किए जा सकेंगे। इसके लिए नगर निगम के प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को प्रवर्तन दल सहप्रभारी शक्ति सिंह मलिक के नेतृत्व में दिल्ली रोड पहुंचे। उन्होंने मेवला फ्लाईओवर से फुटबाल चौक तक सड़क किनारे अतिक्रमण कर बैठे लोगों को तीन दिन का अल्टीमेट दिया है। इस अवधि में अतिक्रमण न हटाने पर निगम की टीमें खुद ही सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाई जाएंगी।
शक्ति सिंह मलिक ने बताया कि एनसीआरटीसी ने एसीएम ब्रह्मपुरी के माध्यम से नगर निगम से अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने इस बारे में टीम को निर्देश देकर यहां भेजा। सड़क के दोनों और झोपड़ियां बनाकर बैठे लोगों ने अधिक अतिक्रमण किया है। दूसरी ओर, प्रवर्तन दल ने ईस्टर्न कचहरी रोड पर पूर्वा शेखलाल में बना 20 साल पुराना शौचालय को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा शास्त्रीनगर स्थित रामापुरम पार्क से पशुओं को हटवाकर संबंधित डेयरी संचालकों को दोबारा से पशु नहीं लाने की चेतावनी दी। खुशहाल नगर में अचार वाली गली के अंदर अतिक्रमण कर बनाए गए एक मकान को भी ध्वस्त किया गया।