शामली में थाना गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को युवक ने तीन साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने के बाद उसकी हत्या कर शव को छिपा दिया। युवक ने भेद खुलने के डर से वारदात को अंजाम दिया। बच्ची का शव आरोपी की अलमारी में मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पढ़ें : पांच साल की मासूम से बलात्कार, पब्लिक ने आरोपी को जमकर धुना
पुलिस के मुताबिक थाना गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के एक गांव निवासी अपने परिवार के साथ खेत में काम करने के लिए गया हुआ था। घर पर उनकी तीन साल की बच्ची थी। बच्ची के अकेले होने का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक लक्ष्मण पुत्र हरदास बच्ची को अपने घर में ले गया। आरोप है कि उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने शव को अपने कमरे की अलमारी में छिपा दिया। शाम छह बजे बच्ची के परिजन घर पहुंचे तो उसका पता नहीं चला। इस पर परिजन अनहोनी की आशंका से चिंतित हो उठे। परिजन आसपड़ोस में तलाश किए, तो कुछ लोगों ने आरोपी युवक के बारे में बताया। बताया कि लक्ष्मण के साथ बच्ची को करीब तीन बजे देखा गया था। इस पर परिजनों ने आरोपी युवक से पूछा। परिजनों ने शक होने पर युवक को हड़काया तो उसने सारी बात बता दी। बाद में शव को बरामद करा दिया। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उधर, शाम को एसपी डाक्टर अजयपाल शर्मा भी गांव में पहुंच गए और परिजनों से बात की।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/