संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। सर श्रीराम इंटर कॉलेज के खेल मैदान में होने वाले रामलीला मंचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को श्री रामलीला कमेटी की ओर से विधि-विधान से हवन-पूजन कर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया गया। हवन में कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर सफल आयोजन की कामना की।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष ओंकार चौधरी ने बताया कि पंडित चंद्रकांत शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया। साथ ही रामलीला मंचन के लिए कलाकारों के अभ्यास और स्टेज का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि 5 अक्तूबर को खाटूश्याम के जागरण के साथ रामलीला मंचन का आगाज होगा। रामलीला मंचन में दर्शकों को नया अनुभव देखने को मिलेगा। कलाकार डिजिटल पर्दे के सामने रामलीला का मंचन करेंगे। डिजिटल पर्दे के माध्यम से मंच पर दिखाए जाने वाले दृश्यों को वास्तविक और सजीव रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
कमेटी की ओर से दर्शकों के बैठने के लिए सोफे की व्यवस्था भी की जाएगी। हवन-पूजन में गन्ना समिति अध्यक्ष भूपेंद्र अहलावत, मुकेश, संजीव माटू, सुनील सुल्लड़, ओमप्रकाश, प्रद्युम्न जैन, जितेंद्र धामा, सचिन उपाध्याय, मुकेश निदेशक, मोहित जांगिड़, विनित शर्मा, देवेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।