किठौर। कस्बा स्थित मैन बाजार में रामलीला मैदान के बाहर रखे अवैध खोखे पहले हटवाने तथा बृहस्पतिवार को दोबारा लगने पर रामलीला कमेटी दो फाड़ हो गई। वहीं पुलिस प्रशासन खोखे लगने के बाद चुप्पी साधे हुए है। खोखो को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर एक-दो दिन में पुलिस-प्रशासन ने मामला नहीं सुलझाया तो तनाव बढ़ सकता है।
रामलीला मैदान पर 97 साल से रामलीला मंचन होता आ रहा है। कमेटी के उपाध्यक्ष भाष्करण शर्मा, मंचन कमेटी के प्रधान अनिल गर्ग ने बताया कि हर वर्ष मैदान के बाहर लगे कई दुकानदारों के अवैध खोखे तथा तख्त हटवा दिए जाते हैं लेकिन इस बार एक दुकानदार से हटाने के लिए कहा तो उसने पदाधिकरियों के साथ गाली गलौज कर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने उक्त अतिक्रमण को हटवा दिया लेकिन बृहस्पतिवार को उक्त दुकानदारों ने फिर अपनी दुकानें लगा ली। इससे लोगों में रोष है। इस मामले को लेकर रामलीला की पंजीकृत तथा मंचन कमेटी के कुछ पदाधिकारी बृहस्पतिवार को दो फाड़ दिखे।
बताया जाता है कि उक्त मामला तीन दिन से तूल पकड़ रहा है। एक समुदाय के कुछ लोगों ने खोखे न लगने पर भुगत लेने की धमकी तक दे डाली। सूत्रों के अनुसार शनिवार में कस्बे में निकलने वाली रामबरात में शामिल होने वाले बैंडबाजे वालों को आने पर गाली गलौज कर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सलमान मुनकाद का कहना है कि अतिक्रमण हटवा दिया गया था, लेकिन अब रामलीला कमेटी के कुछ लोगों के कहने पर सुबह के समय लगाने और शाम को हटाने की बात पर सहमति बन गई है। पुलिस का कहना है कि मंचन के दौरान शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।