मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को रैली निकाली। रैली का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर माधवपुरम सेक्टर दो से होते हुए सेक्टर चार तक पहुंची। कैडेट्स ने विभिन्न जागरूकता नारे लगाए और आम जनता के साथ जनसंपर्क कर सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया। लोगों को हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने, सावधानी बरतने, मोबाइल का प्रयोग न करने तथा अतिक्रमण हटाने के लिए भी प्रेरित किया। रैली में अंडर ऑफिसर आरुषि सिंह, लांस कोरपोरल पूर्णिमा, कैडेट मानविका, अंजू, अंशु, वर्णिका सहित 40 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। प्राचार्य डॉ. अंजू सिंह ने कैडेट्स के प्रयासों की सराहना की।