संवाद समाचार एजेंसी
मवाना। मवाना चीनी मिल द्वारा वसंतकालीन गन्ना बुवाई महाअभियान 2026 रैली का आयोजन किया। रैली गन्ना उत्पादक किसानों को नवीन एवं उन्नत प्रजातियों को अपनाने, गुणवत्तापूर्ण बीज प्रयोग और समुचित कीट एवं रोग प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। शुभारंभ जिला गन्ना अधिकारी बृजेश कुमार पटेल ने किया।
मिल प्रबंधन ने रैली के माध्यम से किसानों को गन्ना बुवाई से पूर्व बीज उपचार के महत्व की जानकारी दी। किसानों से अपील की गई कि वह वसंतकालीन गन्ना बुवाई में नवीन एवं उच्च उत्पादकता वाली किस्मों जैसे को. 0118, को.शा. 13235, को.लख. 14201 एवं को. 15023 को प्राथमिकता दें और को. 0238 प्रजाति के क्षेत्रफल में कमी लाएं। रैली के माध्यम से बताया गया कि नई किस्म अधिक उपज देने के साथ-साथ रोग एवं कीट प्रतिरोधक क्षमता में भी बेहतर हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि संभव है।
बताया कि ट्राइकोडर्मा जैविक फफूंदनाशी है, जो भूमि जनित रोगों को नियंत्रित करने में सहायक है। रैली के दौरान किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत बुवाई विधियों एवं फसल प्रबंधन से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। रैली मवाना क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 30 गांवों में आयोजित की गई। इस मौके पर मवाना समिति के सचिव विक्रम बहादुर सिंह, मिल के यूनिट हेड संजय चौधरी, वरिष्ठ महाप्रबंधक (गन्ना एवं प्रशासन) प्रमोद बालियान, उप महाप्रबंधक (गन्ना) हरिओम शर्मा और सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) मनोज सिंह व अन्य रहे।