रक्षाबंधन पर महिलाओं और एक सहयात्री की रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। रक्षाबंधन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश की सभी रोडवेज बसों में महिलाओं को एक सहयात्री के साथ निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी। शासन ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
परिवहन अनुभाग-2 की ओर से 25 अगस्त को जारी आदेश में कहा गया है कि रक्षाबंधन के अवसर पर निगम की समस्त बसों में सभी महिलाओं को एक सहयात्री के साथ मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए शासन स्तर पर निर्णय लिया गया है। निगम को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित अवधि में महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री से किराया न लिया जाए।
इस निर्णय से रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। त्योहार के दौरान बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर यह सुविधा महिलाओं के लिए खास तौर पर उपयोगी होगी। शासन ने निगम को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।
शासन के आदेश की प्रतिलिपि परिवहन आयुक्त और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग समेत संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब रोडवेज प्रशासन को सभी डिपो और बसों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराना होगा।