सूरज की तपिश और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवा ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। शाम को सूरज ढलने के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। गर्मी ने दिन और रात का चैन छीन लिया है। बुधवार को मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 29 व न्यूनतम 21 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री और रात का तापमान सामान्य से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है।
कैसे करें बचाव
- गर्मी में पूरी बाजू के हल्के कपड़े पहनें।
- धूप में पैदल चलने या बाहर निकलने से बचें।
- धूप में निकलना जरूरी हो तो सिर पर कपड़ा जरूर रखें।
- शरीर का तापमान ज्यादा न होने दें।
क्या खायें ?
- गर्मी में हल्का भोजन खाएं, ताकि शरीर को पचाने में कोई दिक्कत न हो।
- तरबूज, खीरा, ककड़ी के साथ ही भोजन में लोकी व मूंग दाल का सेवन करें।
- गर्मी में कोशिश करें की एक दो घंटे के अंतराल में तरल पेय पदार्थ का सेवन करते रहें।
- किसी भी कंडीशन में रखा हुआ बासी भोजन न खाएं।
- एक टाइम में भरपेट भोजन का सेवन न करें।
बिजली पटरी से उतरी, लोग बेहाल
सूरज के आग उगलते ही शहर और गांव की बिजली व्यवस्था पटरी से उतरने लगी है। बिजली की मांग बढ़ने से सिस्टम पर बढ़े लोड के आगे ट्रांसफार्मर और वीसीबी ने जवाब देना शुरू कर दिया है। लोकल फाल्ट में भी इजाफा हो गया है।
रोस्टिंग के अलावा लोकल फाल्ट के चलते ताबड़तोड़ बिजली कटौती हो रही है। गांव और शहर का बिजली आपूर्ति शेड्यूल गड़बड़ा गया है। गांवों को 14 घंटे की बजाय 10 और शहरों को 22 घंटे की बजाय 18 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
पिछले एक सप्ताह से सूरज के तेवर तीखे हो गए है। पारा 45 तक पहुंच गया है। बुधवार को आग उगलते सूरज ने शहरवासियों को पसीने से तरबतर कर दिया है। गर्मी में राहत दिलाने वाली बिजली दम तोड़ने लगी है।
पावर सिस्टम पर बढ़े 25 फीसदी अतिरिक्त लोड से ढांचा चरमराने लगा है। ट्रांसफार्मर फुंकने, जंफर और इंसुलेटर उड़ने की घटनाओें में दो गुणा वृद्धि हो गई हैं। बुधवार को भी लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, विकासपुरी, नौचंदी, पुराना आरटीओ, एमईएस, हापुड़ रोड, माधवपुरम, रामलीला ग्राउंड, लेडीज पार्क, टाउन हाल, पीएल शर्मा, कंकरखेड़ा, पल्लवपुरम फेस वन और टू के अलावा गंगानगर वन व टू, अम्हैडा और अमन विहार बिजलीघर क्षेत्र में लोकल फाल्ट के चलते तीन से चार घंटे बिजली गुल हुई।
सुबह से लेकर रात तक बिजली की आंखमिचौली का खेल चलता रहा। उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा परेशानी रात की बिजली कटौती दे रही है। रात को बिजली जाने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है।
अधीक्षण अभियंता शहर आरके राणा ने बताया कि ट्रांसमिशन से उपलब्ध कराई जा रही बिजली उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जा रही है। फाल्ट आदि होने पर ही बिजली गुल होती है। फाल्ट को भी जल्द से जल्द ठीक करा दिया जाता है।