एक्सप्रेस-वे के कार्य में बारिश बन रही बाधा
परतापुर / मेरठ। बारिश के कारण दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का कार्य लगातार बाधित हो रहा है। ऐसे में एनएचएआई द्वारा किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्य पर ब्रेक लग गया है। पिछले एक महीने से परतापुर तिराहे के पास सर्विस रोड बनाने के लिए कई होटलों का ध्वस्तीकरण कार्य किया गया, लेकिन बारिश होने के चलते यह कार्य भी अभी अधूरा है। मंगलवार को भी सुबह 7 बजे से बारिश के बाद एक्सप्रेस-वे का कार्य थम गया।
मेरठ से डासना 32 किलोमीटर के इस चरण के कार्य में तेजी नहीं आ रही है। पिछले एक महीने के कार्य पर नजर डाली जाए तो मुश्किल से दस प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं हुआ होगा। हालांकि, एनएचएआई ने रात में कार्य करने के लिए लाईटिंग व्यवस्था कर ली थी, लेकिन बारिश ने एनएचएआई की व्यवस्थाओं पर पानी फेर दिया। कई दिन से परतापुर तिराहे के पास छह इंटरचेंज व अन्य काम किया जा रहा था। तेज बारिश के कारण अंडरपास में भी पानी भर गया। परतापुर तिराहे पर दोनो ओर बन रही सर्विस रोड का काम भी जलभराव के चलते रोकना पड़ा साथ ही यहां चल रहे वेल्डिंग के कार्य को भी बंद कर दिया गया। परतापुर फ्लाईओवर के नीचे बाईपास की तरफ बन रही सर्विस रोड भी पानी से लबालब हो गई। एनएचएआई अधिकारियों का कहना है भारी बारिश के चलते कई दिनो तक कार्य प्रभावित रहेगा। पानी सूखने के बाद ही कार्य को दोबारा शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि इस चरण को अक्तूबर-2019 तक निपटा लिया जाएगा, लेकिन बारिश का क्रम ऐसे ही जारी रहा तो कार्य की सीमा आगे बढ़ाई जा सकती है।