मेरठ। दिल्ली-मेरठ रेलवे ट्रैक पर शनिवार को परतापुर क्षेत्र के कुंडा रेलवे फाटक के पास पटरी टूट गई। पटरी टूटने की सूचना पर रेलवे के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ट्रैक की मरम्मत के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक रेलवे यातायात बाधित रहा।
शनिवार सुबह साढ़े छह बजे के करीब कुंडा फाटक के गेटमैन की नजर मेरठ-दिल्ली रेलवे ट्रैक की टूटी हुई पटरी पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी जानकारी परतापुर स्टेशन मास्टर को दी। सूचना पर टूटे ट्रैक की मरम्मत के लिए सिटी रेलवे स्टेशन से सीनियर सेक्शन इंजीनियर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली 2डीएस 54474 डेढ़ घंटा सिटी स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं मेरठ कैंट से रेवाडी की तरफ जाने वाली शटल ट्रेन 48 मिनट तक सिटी रेलवे स्टेशन पर रोकनी पड़ी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद और मोदीनगर में रोका गया। रेलवे के इंजीनियरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पटरी को ठीक किया। उसके बाद ही रेल यातायात सुचारु हो पाया। रेलवे अफसरों के मुताबिक तापमान के कारण पटरी टूट जाती है। आज भी इसी लिए पटरी टूटी है, यह कोई आपराधिक घटना नहीं है।
परतापुर क्षेत्र में आए दिन रेलवे ट्रैक के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आती हैं। कुछ माह पहले ही कुछ असामाजिक तत्वों ने पटरी पर गार्डर रख दिया था।