मेरठ। रेलवे की तरफ से कोहरे में दुर्घटनाओं से बचाव के लिए तैयारियों को शुरू कर दिया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्थित फाटकों पर रंगाई-पुताई का काम चल रहा है जिससे कोहरे में दूर से ही वाहनों को फाटक की दूरी और उसके बंद होने का पता चल सके। इसके लिए सोमवार से बिजली बंबा बाइपास स्थित फाटक पर रंगाई-पुताई का कार्य शुरू किया गया।
मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले इस 52-सी फाटक संख्या पर दोनों ओर रेलिंग लगी हुई हैं। इस रेलिंग पर हरा, पीला रंग किया गया है। वहीं, दोनों ओर बैरियर से पहले लगे पिलर पर काला और सफेद रंग किया गया है। जिससे दूर से ही इन पिलर को देखा जा सके।
बैरियर भी किया ठीक
बता दें, शहर की लाइफलाइन बन चुके बिजली बंबा बाइपास पर यह फाटक काफी महत्वपूर्ण है। इस फाटक पर कई बार दुर्घटना होते-होते बाल बची है। कुछ समय पूर्व ट्रेन आने के समय बैरियर बंद नहीं हुआ। जिसके बाद लोगों ने दोनों तरफ से गेटमैन के साथ मिलकर इसे हाथों से लगाया। इसी को देखते हुए फाटक के बैरियर की भी सर्विस की गई।