मेरठ। उत्तर रेलवे की ओर से दिल्ली मंडल के सांसदों की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अपने संसदीय क्षेत्रों की समस्याओं को रखा गया। मेरठ सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने अपने पत्र में 12 समस्याओं को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक टीपी सिंह और डीआरएम सुखमल चंद जैन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि कई बार पहले भी इन समस्याओं को रखा जा चुका है, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका है। सांसद ने रेलवे से सिटी स्टेशन की समस्याओं के साथ-साथ ट्रेनों के आवागमन प्रभावित होने की बात भी रखी।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मेरठ कैंट से रेवाड़ी के बीच चलने वाली शटल को रेवाड़ी तक बढ़ाए जाने के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि इससे दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। यह ट्रेन अपने तय समय से देरी से मेरठ पहुंच रही है। वहीं, उन्होंने मेरठ-पानीपत रेल लाइन के निर्माण न शुरू करने पर भी रेलवे को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस रेल लाइन को स्वीकृत करने के बाद भी शुरू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बरसात के समय अंडरपास में आ रही समस्याओं को न ठीक कराने पर भी नाराजगी जताई।
ये भी रखीं समस्याएं
सांसद ने बैठक में सिटी स्टेशन से जुड़ी समस्याओं में तीन महीनों से बंद भोजनालय, कोच डिस्पले सिस्टम, ट्रेन डिस्पले सिस्टम, प्लेटफॉर्म नंबर-दो पर एस्केलेटर चलाने और प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर एस्केलेटर का निर्माण शुरू कराने, सिटी और कैंट स्टेशन पर तिरंगा लगाए जाने आदि मांगों को रखा गया। वहीं, कैंट स्टेशन पर कंकरखेड़ा की तरफ बनाए गए पुल पर उतरने के बाद प्लेटफॉर्म और पार्किंग की सुविधा देने की मांग रखी गई।
संगम और नौंचदी समय पर नहीं
एक बार फिर बैठक में मेरठ से प्रयागराज जाने वाली संगम और नौचंदी एक्सप्रेस की लेटलतीफी का प्रश्न उठाया गया। हालांकि, कई बार इस समस्या को बैठक में रखा जा चुका है, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका है।