मेरठ। चीनी मांझे से बाइक सवार युवक सुहेल की मौत के बाद पुलिस ने मंगलवार को भी दुकानदारों के यहां छापा मारा। पुलिस ने चार दुकानदारों फहीम, शाकिब, एजाज और परवेज को चीनी मांझा बेचते हुए पकड़ा। पुलिस ने चार बोरे चीनी मांझा भी बरामद किया गया। हालांकि पुलिस ने चारों दुकानदारों को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया। एसपी सिटी ने चीनी मांझे की बिक्री की रोकथाम के लिए अलग से टीम का गठन किया है।
थाना मेडिकल क्षेत्र में सोमवार शाम को तेजगढ़ी चौराहे के पास चीनी मांझे से बाइक सवार सुहेल (21) पुत्र जान मोहम्मद निवासी कमालपुर की गर्दन कटने से मौत हो गई थी। हादसे में बाइक पर बैठा उसका साथी नवाजिश की नाक भी मांझे से कटी थी। घटना के बाद एसएसपी के आदेश पर रात सोमवार रात और मंगलवार को चीनी मांझा बेचने वालों के यहां छापा मारा गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि चार बोरी मांझा बरामद हुआ है। मेडिकल थाना पुलिस ने गोला कुआं से फहीम, लोहियानगर पुलिस ने जाकिर काॅलोनी से शाकिब और एजाज को और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने सितारा मस्जिद के पास से परवेज को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर इन्हें थाने से जमानत पर छोड़ा गया। चीनी मांझे की बिक्री पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए अलग से पुलिस की एक टीम का गठन किया गया है। यह टीम लगातार कार्रवाई करेगी।