होटल हाईवे इन में पुलिस हिरासत में युवक युवतियां
- फोटो : SARDANA
मेरठ/जानी। एनएच-58 पर बागपत बाईपास के पास हाईवे इन रेस्टोरेंट व होटल में जानी थाना पुलिस ने छापा मारा। जहां से आठ युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। चार युवतियां स्कूल यूनिफार्म में थीं। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट मालिक आनंद शर्मा की पुलिस से हाथापाई हो गई। पुलिस ने दो कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। जबकि युवक और युवतियों को उनके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।
सीओ सरधना पंकज सिंह के अनुसार बुधवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बागपत बाईपास स्थित इन रेस्टोरेंट में आपत्तिजनक हालत में कई युगल मिलेंगे। इसकी सूचना पर छापा मारा गया। मौके पर पहुंची पुलिस को कर्मचारियों ने रेस्टोरेंट में जाने से रोका। इस पर इन पुलिसकर्मियों की कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। जानकारी पर सीओ सरधना के साथ जानी थाने के इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने होटल के कमरों की तलाशी ली। जिसके बाद आठ युगल पकड़े गए। इनमें चार युवतियां स्कूल की ड्रेस में मिलने पर पुलिस अधिकारी हैरान रह गए। पुलिस की कार्रवाई देखकर युवतियां रोने लगीं। वह पुलिस से होटल से पकडे़ जाने की सूचना उनके परिजनों को न देने की फरियाद करने लगीं। हिरासत में लिए गए सभी युवक और युवतियों की आईडी चेक की गई। इसके बाद महिला थाना पुलिस को भी बुला लिया गया।
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
पुलिस के अनुसार सभी युवक-युवतियों के घर उनके होटल में मिलने की जानकारी दी गई। काफी देर बाद सभी के परिजन होटल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी युवक युवतियों को उनके परिजनों की सुपुर्दगी में दिया गया। सीओ सरधना के अनुसार होटल से हिरासत में लिए गए सभी युवक युवतियां बालिग हैं। उनकी आईडी जमा कर होटल में कमरा दिया गया था। होटल के सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अगर किसी भी कागज में कोई कमी मिली तो होटल मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पकडे़ गए सभी युगल मेरठ और उसके आसपास के क्षेत्र के रहने वाले हैं।
आसपास के लोग हैं परेशान
सीओ सरधना पंकज सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आसपास रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि होटल में रोजाना युवक युवतियां लेकर आते हैं। देर रात वह शराब के नशे में हंगामा करते है। नशे में वह होटल के पास से गुजरने वाले लोगों के साथ अभद्रता करते हैं। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। पुलिस ने होटल मालिक आनंद शर्मा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। दो कर्मचारी हिरासत में है, उनसे पूछताछ की जा रही है।