सीसीएसयू के केपी हॉस्टल में बीजेएमसी के छात्र से रैगिंग को लेकर शनिवार को मंडल और छात्रावास अधीक्षकों की बैठक की गयी। कैलाश प्रकाश छात्रावास में छात्र दीपक द्वारा सीसीटीवी कैमरे फुटेज के आधार पर 6 छात्रों की पहचान कर उन्हें निलंबित कर दिया गया। वहीं, मेडिकल पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार छात्र किशन सिंह बीटेक तृतीय वर्ष, सक्षम श्रीवास्तव बीटेक सीएस तृतीय वर्ष, राहुल गौतम बीटेक एमई तृतीय वर्ष, परितोष त्यागी बीटेक एजी तृतीय वर्ष, आदित्य विक्रम बीटेक आईटी तृतीय वर्ष और सुबोध बीजेएमसी द्वितीय वर्ष को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। नौ अक्तूबर तक सभी छात्रों से स्पष्टीकरण मांगा है। शुक्रवार को बीएजेएमसी के छात्र दीपक यादव से कुछ सीनियर छात्रों ने रैगिंग की थी।
इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के विरोध में हॉस्टल के छात्रों ने रात को हंगामा किया और धरने पर बैठ गये। उसके बाद मौके पर सीओ सिविल लाईन व संबंधित थाने की फोर्स पहुंची। विवि प्रशासन ने छात्रों को समझाया। कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। यूनिवर्सिटी प्रशासन रैगिंग को लेकर पहले भी कई बार कठघरे में खड़ा हो चुका है।
सुरक्षा की खुली पोल
छात्रों की सुरक्षा के लिए बडे़-बडे़ दावे तो किए जाते हैं। लेकिन सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं होता। कैंपस में चार करोड़ रुपये हर साल सुरक्षा पर खर्च होते हैं। लेकिन इसके बावजूद अगर बाहरी लड़के आएंगे और कैंपस के लड़कों को धमका जाएंगे तो इसका मतलब है कि यूनिवर्सिटी में सुरक्षा कहीं भी नहीं है।
गिरफ्तार कर जेल भेजेंगे
एसओ मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित छात्र दीपक यादव ने अज्ञात छात्रों के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर केस दर्ज कर लिया है। यूनिवर्सिटी की जांच में कुछ छात्रों के नाम सामने आए हैं। पुलिस यूनिवर्सिटी प्रशासन से संपर्क करेंगी। पुलिस जांच में अगर उक्त छात्र आरोपी मिले तो उनको नामजद कर गिरफ्तारी की जाएगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कोई रिपोर्ट पुलिस को नहीं दी है।