मवाना। तीन दिन बाद सोमवार को बैंक खुलने पर सभी शाखाओं के बाहर पैसा निकालने वालों की कतार लगी रही। भीड़ देख पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया।
उल्लेखनीय है कि ग्रीन जोन में आने बाद गत शुक्रवार को बैंक खुले थे। बैंक शाखाओं के आगे भारी भीड़ लगी थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने भीड़ को डंडे फटकार भगा दिया था तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए नगर के समस्त बैंक शाखाओं को बंद कराकर कर्मचारियों एवं अधिकारियों को एंबुलेंस में भरकर थाने ले आए थे। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया था। मामला ऊपर तक पहुंचने के बाद एसडीएम ने बाद में बैठक लेकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के आदेश देेकर सभी को भेज दिया था। शनिवार को तहसील में हुई बैठक में विधायक दिनेश खटीक ने भी बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पुलिस के व्यवहार को गलत बताया था।
इसके बाद शुक्रवार को बैंकों में काम नहीं हो सका था। तीन दिन बाद सोमवार को बैंक खुले तो लोग पेंशन निकालने तथा जनधन खाते में आए गरीबों का पैसा निकालने के लिए बैंक खुलने से पहले ही बैंकों पर पहुंच गए थे। जिससे लंबी-लंबी कतार लग गई। भीड़ की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया। वहीं, पुलिस के व्यवहार में काफी बदलाव दिखाई दिया। कुछ बैंकों में तो शाम तीन बजे तक भुगतान किया गया।