ग्रामीणों की शिकायत पर अलीपुर में पुष्पा देवी की राशन एजेंसी निरस्त
सरधना। राशन वितरण में एजेंसी पर अलीपुर के ग्रामीणों द्वारा लगाए अनियमितता के आरोप जांच में सही पाए गए। जिस पर एजेंसी को शनिवार को निरस्त कर दिया गया है।
सरधना ब्लॉक के अलीपुर गांव के देवेंद्र, अनिल, बीर सिंह, सुनील आदि ने 5 जून को एसडीएम और आपूर्ति विभाग को शिकायत दी थी कि राशन डीलर पुष्पा देवी राशन वितरण में धांधली और राशन कार्डों पर फर्जी यूनिट का राशन ब्लैक में बेच रही है। शिकायत पर 17 जून को आपूर्ति निरीक्षक शिखा पांडेय के नेतृत्व में टीम ने गांव अलीपुर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में राशन डीलर दोषी पाया गया था। जिसकी रिपोर्ट आपूर्ति निरीक्षक ने एसडीएम व जिला आपूर्ति अधिकारी के साथ डीएम को भेजी। जांच में दोषी पाए जाने पर पुष्पा देवी के नाम से अलीपुर में आवंटित राशन एजेंसी को 26 जून को डीएम के आदेश पर निरस्त कर दिया गया है। आपूर्ति निरीक्षक ने राशन एजेंसी निरस्त होने की पुष्टि की है।