शारदा रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश मित्तल को छह लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में गोली मारी गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने शताब्दी नगर से मंगलवार दिन में आसानी से 20 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी और रात को वारदात कर दी। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार निवासी माधवपुरम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी से पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
पंजाया मोहल्ला ब्रह्मपुरी निवासी जयप्रकाश मित्तल को मंगलवार रात शारदा रोड पर गोली मारी गई थी। पीड़ित व्यापारी ने मनोज कुमार को नामजद किया था। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी दिनेश सिंह के मुताबिक मनोज ने बताया कि जयप्रकाश पर कमेटी के 12 लाख रुपये बकाया थे। जिसमें कुछ पैसा जयप्रकाश ने दिया। लेकिन करीब छह लाख रुपये देने से साफ इंकार कर दिया। जिसको लेकर जयप्रकाश से कई बार कहासुनी भी हुई। मंगलवार को जयप्रकाश को सबक सिखाने के लिए जानलेवा हमला किया था।
पिस्टल तो आसानी से मिलती है
गिरफ्तार आरोपी ने पिस्टल 20 हजार रुपये में शताब्दी नगर से खरीदना बताया है। एसपी सिटी और इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी के सामने आरोपी मनोज कुमार ने बताया कि पिस्टल तो आसानी से मिल जाती है। मेरठ में अवैध हथियारों की कमी थोड़े है। मंगलवार को उसने अपने एक दोस्त से पिस्टल की जरूरत होने की बात कही। तभी दोस्त ने 20 हजार रुपये लेकर शताब्दी नगर से पिस्टल लाकर दे दी। अवैध हथियार इस तरीके से मिलते है, इसकी जानकारी होने के बावजूद भी पुलिस खामोश होकर सुनती रही।