स्कूलों के बाहर जाम की समस्या को लेकर पुलिस अफसरों ने आखिरी प्लान मांगा तो पुलिस ने दो साल पुराना ट्रैफिक प्लान ही थमा दिया। एसपी ट्रैफिक के निर्देश पर वेस्ट एंड रोड पर आठ स्थानों पर बैरियर लगाकर एक घंटे के लिए छात्रों के अभिभावकों के वाहनों के अलावा अन्य सभी वाहन रोकने के निर्देश दिए गए। लेकिन उसके बाद भी वेस्ट एंड रोड और स्कूलों के बाहर यातायात व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। ट्रैफिक का ये प्लान दो साल पहले बना था।
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी ने बताया कि वेस्ट एंड रोड पर दोपहर 12.30 बजे से डेढ़ बजे तक बाहरी वाहन बंद रहेंगे। सिर्फ वाहन आ जा सकेेंगे जिनमें स्कूली छात्र-छात्राएं आते हैं। वेस्ट एंड रोड पर भूसा मंडी और हनुमान चौक के पास बैरियर लगाए गए हैं। वहीं सोफिया और सेंट मेरीज के पास भी चार स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि एक टीएसआई वेस्ट एंड रोड पर स्कूलों की छुट्टी के समय तैनात रहेंगे।
विज्ञापन
जबकि छीपी टैंक स्थित सेंट थॉमस के लिए दोपहर एक घंटे का वन-वे किया गया है। वन-वे व्यवस्था के चलते शिव चौक से एनएएस कॉलेज की तरफ दुपहिया वाहन और कार ही जा सकेंगी। एनएएस की तरफ तिराहे पर बैरियर लगाकर ट्रैफिक पुलिस लगाई है जहां से शिव चौक की तरफ कोई वाहन नहीं आने दिया जाएगा।
धड़ाम होती जा रही व्यवस्था
स्कूलों की छुट्टी के बाद वेस्ट एंड रोड और सोफिया के बाहर जैसे ही बच्चे सड़क पर आते हैं तो अभिभावकों के वाहनों की भी भीड़ लग जाती है। जिसके बाद घंटाें के लिए यातायात व्यवस्था धड़ाम हो जाती है। जाम में आड़े तिरछे वाहन फंसने से भरी धूप में बच्चों और उनके अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।