संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा करनावल में रिहायशी इलाके के बीच खुले सरकारी शराब ठेके को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि ठेका आबादी के बीच होने से माहौल बिगड़ रहा है। महिलाओं व बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
कस्बे के निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री डॉ. वी.के. सिंह को पत्र लिखकर ठेका हटाने की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि शराब के ठेके के आसपास आए दिन नशे में धुत लोगों का जमावड़ा रहता है। कई बार झगड़े और अभद्र व्यवहार की घटनाएं भी देखने को मिली हैं, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस ठेके के चलते युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। महिलाओं ने भी कहा कि शाम के समय ठेके के आसपास गुजरना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेके को जल्द से जल्द आबादी से हटाकर किसी सुनसान स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।