सेंट्रल मार्केट तिरंगा चौक पर में पांचवे दिन भी धरने पर बैठी महिलाएं को समर्थन देते कांग्रेस क
- फोटो : Samvad
शास्त्री नगर के सेक्टर दो में मंगलवार को पांचवें दिन भी व्यापारियों का धरना जारी रहा। इस दौरान महिलाओं ने राम भजन गाए और हनुमान चालीसा का पाठ कर अपने मकान व दुकान की सुरक्षा की प्रार्थना की। भजन मंडली ने मधुर भक्ति गीतों से अध्यात्म का संचार किया।
महिलाओं ने कहा कि सेंट्रल मार्केट के सेक्टर-2 में महज 25 मीटर और 38 मीटर के कई आवास हैं। इनमें नीचे दुकानें बनाई गई हैं और ऊपर रिहाइश हो रही है। इनमें सेटबैक छोड़ने पर अधिकांश मकान व दुकानों का वजूद ही खत्म हो जाएगा।
उधर आवास एवं विकास परिषद के चीफ आर्किटेक्ट टाउन प्लानर संजीव कश्यप के बुधवार को टीम संग आने की संभावना है। यह टीम नियमों के अनुरूप तय करेगी कि कितना सेटबैक छोड़ा जाए। टीम इस सप्ताह आकर स्थिति स्पष्ट कर देगी। उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि टीम के बुधवार को आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि नई भवन निर्माण एवं विकास अप विधि के अंतर्गत मानकों को देखते हुए सेटबैक को लेकर टीम निर्णय लेगी। माना जा रहा है की टीम के अवलोकन के बाद दुकानदारों को दो सप्ताह में अवैध निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी होंगे।