दौराला। दौराला थाने के ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चार नई पुलिस चौकी बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। थाना क्षेत्र बड़ा होने व गांव दूर-दूर तक होने के कारण पुलिस अपराधियों पर पूरी तरह नजर नहीं रख पाती। नई चौकियां बनने से अपराध पर लगाम लग सकेगी। थाना दौराला के प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि दौराला थाने में 42 गांव आते हैं। कई गांव ऐसे हैं, जिनकी दूरी काफी है। झगड़ा या कोई अपराध होने पर गांव की दूरी अधिक होने के कारण पुलिस को पहुंचने में समय लगता है। इस कारण कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है। अपराध से समय से निपटा जा सके और आए दिन होने वाले छोटे-छोटे झगड़ों पर लगाम लगाई जा सके, इसके लिए क्षेत्र में चार नई चौकियां बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें खेड़ी टप्पा, लोईया, शाहपुर जदीद, दौराला कस्बा चौकी बनाने को लेकर प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमति मिलते ही चौकी स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।