मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज परिसर में नया ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा। बुधवार को इसका भूमि पूजन किया गया।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि नया ओपीडी ब्लॉक फ्लू ओपीडी के बगल में खाली जमीन पर बनेगा। इसके निर्माण में करीब 39 करोड़ रुपये खर्च होंगे। राजकीय निर्माण निगम द्वारा नया ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा। यह सितंबर 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा। यह चार मंजिला इमारत होगी, जिसमें भूतल पर पार्किंग होगी। इमारत के ऊपर के तीन फ्लोर पर ओपीडी ब्लॉक बनेगा। सभी ब्लॉक में ओपीडी के साथ डॉक्टरों के रूम भी बनाए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में हर साल सात से आठ लाख मरीज आते हैं। यहां मेरठ के अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, शामली, बागपत, बिजनौर, गाजियाबाद और बुलंदशहर आदि जिलों के भी मरीज आते हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान, अस्थि रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक,मेडिसिन विभाग के आचार्य डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. राजकुमार गोयल, डॉ. प्रेम प्रकाश मिश्रा, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार सिंह और डॉ. मनीष सैनी मौजूद रहे। ब्यूरो