पति-पत्नी के बीच चल रहा मनमुटाव तमाशा बन गया। पत्नी ने कॉलेज में क्लास ले रहे प्रोफेसर पति की पिटाई कर दी। कक्षा में ही दोनों के बीच नोकझोंक होने के साथ हाथापाई होने से विद्यार्थियों में भी अफरातफरी मच गई। बाद में घंटों तक कॉलेज परिसर में दोनों का हाईप्रोफाइल ड्रामा चला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर थाने ले गई।
पढ़ें : छात्रा मर्डर केस: आशिक ने कबूला जुर्म, हत्या से पहले युवती ने कही थी ये बातें
मामला भोपा रोड के एक डिग्री कॉलेज से जुड़ा है। यहां पढ़ाने वाले शिक्षक कॉलेज की बिल्डिंग के नजदीक ही रहते हैं। बृहस्पतिवार को शिक्षक अध्यापन कार्य के लिए कॉलेज आ गए। दोपहर करीब 12 बजे अचानक कॉलेज में हंगामा खड़ा हो गया। दरअसल, शिक्षक और उनकी पत्नी के बीच आपसी विवाद के बाद मनमुटाव चल रहा है। दोनों का विवाद कॉलेज में तमाशा बन गया। शिक्षक अपने कार्य में व्यस्त थे, जो एक कक्षा में विद्यार्थियों को संस्कृत के पहलुओं पर प्रकाश डाल रहे थे, तभी कक्षा में उनकी पत्नी आ धमकी। पहले दोनों के बीच नोकझोंक हुई। गुस्साई पत्नी ने विद्यार्थियों से भरी कक्षा में ही शिक्षक की पिटाई कर डाली। इससे कॉलेज में अफरातफरी मच गई। किसी प्रकार अन्य शिक्षकों ने उन्हें रोका और परिसर में ले आए। यहां भी दोनों के बीच नोकझोंक होने के साथ हाथापाई हुई। काफी देर तक हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद शिक्षक ने जान बचाने के लिए पुलिस बुला ली। कॉलेज में झगड़े की खबर पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। इस पर पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। कॉलेज में मारपीट से दिनभर शिक्षण कार्य भी प्रभावित रहा। बताते चलें कि कॉलेज में दंपति का यह झगड़ा आए दिन हो रहा है, मगर कॉलेज प्रशासन इस पर चुप्पी साधे हुए है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/