- यात्रा में देवी-देवताओं की भव्य झांकियों ने मन मोहा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर रामलीला कमेटी के तत्वावधान में लंका पर श्रीराम की विजय पर भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा समिति संयोजक मनोज वर्मा रहे। मुख्य उद्घाटनकर्ता राज किशोर रस्तोगी और पूजनकर्ता मनोज गुप्ता, मुकेश गौड़ रहे। एक ही डोले पर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न विराजमान रहे। जैसे-जैसे डोला गलियों से आगे बढ़ा तो घरों की छतों और सड़कों पर खड़े श्रद्धालुओं ने श्रीराम के जयकारे लगाए। भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
डोले के साथ चल रहीं मनमोहक झांकियों ने पूरे मार्ग को राममय बना दिया। हनुमान जी की झांकी, अयोध्या दरबार और सीता राम मिलन के दृश्य सबका मन मोह रहे थे। ताशे, ढोल, नगाड़े और बैंड की ताल पर भक्तों के कदम थिरक उठे। यात्रा में शहर के लोगों ने श्रीराम की विजय और घर वापसी का जश्न मनाया।
शोभायात्रा सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट से शुरू होकर सुभाष बाजार, कोतवाली के सामने से गुदड़ी बाजार, बजाजा ,सर्राफा, अनाज मंडी, वैली बाजार, घंटाघर चोपला, लाला का बाजार, शीश महल, खत्रियों का चौक, बीरू कुआं होते हुए वापसी इसी स्थान पर संपन्न हुई।
यात्रा में जुगल किशोर का ताशा, रिद्धि सिद्धि संग गणेश जी का रथ, शिव परिवार रथ, शंकर भगवान, गाय के साथ भगवान श्रीकृष्ण, ब्रह्म जी लक्ष्मी, सरस्वती, बगिया में भगवान राधा कृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि सोमवार को भगवान श्रीराम का राजतिलक शहर दाल मंडी कबाड़ी बाजार मेरठ में शाम सात बजे होगा।
कार्यक्रम में मनोज अग्रवाल, योगेंद्र अग्रवाल, राकेश शर्मा, आलोक गुप्ता, रोहताश प्रजापति, मनोज अग्रवाल दवाई वाले, अंबुज गुप्ता, अजय गोयल, अपार मेहरा, संत कुमार वर्मा, विपुल सिंघल रहे।