priyanka gandhi rahul gandhi
बताया जा रहा है कि ये सभी नेता ढाबे पर चाय पीने के बाद शामली के लिए रवाना हुए और शामली पहुंचे। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ यूपी के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योतिराव सिंधिया व राज बब्बर भी उनके साथ मौजूद रहे।
गौरतलब है कि शहीद अमित की बुधवार को तेहरवीं हैं। राहुल व प्रियंका ने शामली के रघुनाथ मंदिर में शहीद जवान अमित की तेहरवी में शामिल होकर जवान को श्रद्धांजलि दी और परिवार से बातचीत की। वहीं राहुल और प्रियंका के जनपद में पहुंचने की सूचना पर पुलिस प्रशासन ने जिले भर में सुरक्षा बढ़ा दी।
परिवार को सांत्वना देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनके बेटे ने देश के लिए शहादत दी है। पूरा देश उनके साथ है। उन्होंने जवान अमित की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद राहुल बनत कस्बे के प्रदीप के घर पहुंचे और उन्हें नमन किया।
प्रियंका गांधी शहीद अमित की मां का हाथ थामें काफी देर बैठी रहीं। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी फोटो लेनी शुरू की तो उन्होंने कहा कि कृपया समझें, शोक सभा चल रही है। ऐसा न करें।
शहीद अमित की शोक सभा के बाद प्रियंका वाड्रा ने कहा कि जो बेटे शहीद हुए हैं, पूरा देश उनका कर्जदार है। वे सबके दिलों में हैं हमने खुद एक तरह से ये दुख देखा है इसलिए हम पूरी तरह से आपका दुख समझ सकते हैं और हम नहीं चाहते कि आप कभी भी खुद को अकेला समझें। इसके बाद प्रियंका ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, 'उनके प्रति जिन्होंने अपने देश के लिए जीवन दिया, उनके लिए विनम्र श्रद्धांजलि और हमारा आदर।'