मेरठ। प्रमुख सचिव ने बृहस्पतिवार को चौधरी चरण सिंह जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों द्वारा बनाए जा रहे मास्क देखें और उनकी सराहना की। वहीं, कोरोना संक्रमण से बचाव के इंतजाम भी देखें।
प्रमुख सचिव टी वेंकटेश, डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी अजय साहनी, सीडीओ ईशा दुहन व एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह दोपहर में जिला जेल पहुंचे। जेल वरिष्ठ अधीक्षक बीडी पांडेय के मुताबिक पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने जेल का निरीक्षण किया। जेल में करीब 30 बंदी रोजाना 200-250 मास्क बना रहे हैं। ये अब तक डेढ़ लाख मास्क बना चुके हैं। इसके अतिरिक्त बंदियों द्वारा अलग-अलग कंपनियों के आर्डर पर स्पोर्ट्स के समान बनाए जाने की भी जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने बंदियों से भी बातचीत की। इसके बाद कोरोना संक्रमण से बंदियों को बचाने के लिए जेल में किए इंतजाम की भी जानकारी ली। डीएम और एसएसपी ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए मेरठ में दो अस्थायी जेल बनाई गई हैं। इनमें फिलहाल करीब 45 बंदी हैं। करीब डेढ़ घंटा जिला जेल की समीक्षा करने के बाद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी लौटे।