संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। करनावल निवासी छात्रा निधि ने स्कूल प्रिंसिपल पर 10वीं की मूल मार्कशीट देने से इन्कार करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस मामले में छात्रा ने एसडीएम सरधना को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
छात्रा निधि पुत्री सुनील ने बताया कि उसने वर्ष 2025 में सर्वहितकारी कन्या विद्यालय, करनावल से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। आरोप है कि जब वह स्कूल में अपनी मूल मार्कशीट लेने पहुंची तो प्रधानाचार्य ने फीस बकाया होने की बात कहकर मार्कशीट देने से मना कर दिया। छात्रा का कहना है कि उसकी ओर से स्कूल की पूरी फीस जमा की जा चुकी है। विरोध करने पर प्रधानाचार्य ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि उसे कभी मार्कशीट नहीं मिलेगी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मार्कशीट न मिलने के कारण उसकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रा ने उपजिलाधिकारी से मामले की जांच कर संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसकी मार्कशीट दिलाने की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।