सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज होने वाली रैली को लेकर एसपीजी और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। प्रधानमंत्री सुरक्षा के तीन घेरों में रहेंगे। सुरक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। पुलिस, पीएसी, अर्धसैनिक बलों, एटीएस के कमांडो सहित सात हजार जवान सुरक्षा की कमान संभालेंगे। सुबह छह बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगा।
राधा स्वामी सत्संग भवन वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है। लोगों के बैठने लिए बड़ी संख्या में कुर्सियां बिछाई दी गई। रैली स्थल का जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने एसपीजी के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और खामियों को दूर कराया। इसके पश्चात बैठक के में सुरक्षा के इंतजाम की समीक्षा की गई। रैली के दौरान जिला और आसपास के इलाके नो फ्लाइजोन रहेंगे। कोई भी हेलिकाॅप्टर या हवाई जहाज जनपद के ऊपर से नहीं होकर जाएगा। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में पहला घेरा एसपीजी, दूसरा घेरा अर्धसैनिक बलों के जवानों और तीसरा घेरा पीएसी व पुलिस का होगा।
एक घंटा पहले पहुंचेंगे योगी और जयंत, चप्पे-चप्पे पर जवान रहेंगे तैनात
रैली में प्रधानमंत्री के आने से एक घंटा पूर्व ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रैली स्थल पर पहुंच जाएंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी पहुंचेंगे। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र के अलावा पश्चिमी यूपी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी भी रैली में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर बैठने वालों की सूची एसपीजी के पास है। सूची में जिनके नाम हैं, उनको ही मंच पर जाने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री व रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष कड़ी सुरक्षा में रहेंगे।
-
चार हेलीपैड तैयार, चली रिहर्सल
रैली स्थल के सामने मैदान पर तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री के तीनों हेलिकाॅप्टर यहीं उतरेंगे। इसके बाद वह काफिले के साथ रैली स्थल पर पहुंचेंगे। तीनों हेलीपेड तैयार कर लिए गए हैं। यहां हेलिकाॅप्टर उतारकर रिहर्सल भी किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीपैड आईटीआई मैदान बना है।
इतनी फोर्स रहेगी तैनात
- 60 राजपत्रित अधिकारी, 150 निरीक्षक 200 उपनिरीक्षक
- पांच कंपनी पीएसी, तीन अर्धसैनिक बलों की कंपनी तैनात
- 1700 कांस्टेबल, 350 होमगार्ड, सादे कपड़ों 21 स्पेशल टीमें
- 50 एटीएस के कमांडो, 15 खुफिया विभाग की टीमें
- 1200 होमागार्ड, 50 यातायात पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
21 ड्रोन कैमरों से होगी निगहबानी
इस तरह होगा रूट डायवर्जन
रैली को लेकर सुबह छह बजे से रूट डायवर्ट रहेगा। सहारनपुर-दिल्ली रोड और हसनपुर चौक से चुनहैटी बाईपास तक रैली में जाने वाले वाहनों के अलावा अन्य वाहनों पर रोक रहेगी। सहारनपुर से शामली व दिल्ली जाने वाले वाहन हसनपुर चौक से सर्किट हाऊस रोड और कुम्हारहेड़ा बाईपास कट से जाएंगे। शामली व दिल्ली से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से आएंगे। सहारनपुर शहर की तरफ आने वाले वाहन चुनहैटी बाईपास से लाखनौर-कुम्हारहेड़ा होकर जाएंगे। शहर के विश्वकर्मा तिराहे और जिला अस्पताल चौक की तरफ से शामली व दिल्ली जाने वाले वाहन पेपर मिल रोड, लाखनौर बाईपास कट से होकर जाएंगे।