मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर में चुनावी जनसभा करेंगे। प्रधानमंत्री की पांच अप्रैल को दिल्ली रोड पर रैली होगी। भाजपाइयों को इसकी जानकारी मिल गई है, लेकिन रैली का अधिकारिक कार्यक्रम अभी प्राप्त नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मां शाकंभरी देवी के दर्शन और पूजन करने के बाद नागलमाफी में जनसभा की थी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहारनपुर आने की तारीख तय हो गई है। भाजपा के महानगर मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग ने बताया कि पांच अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर में दिल्ली रोड पर चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए तारीख तय हो गई है। दो से तीन दिन में कार्यक्रम भी आ जाएगा।
सियासी हलचल से घिरा रहेगा अप्रैल का पहला सप्ताह
सात अप्रैल गठबंधन की तरफ से देवबंद में साझा रैली की जाएगी। उसमें बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह जनसभा को संबोधित करेंगे।
वहीं, सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस की रैली भी सात अप्रैल को सहारनपुर में हो सकती है, जिसमें कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकती हैं। कांग्रेस नेताओं की तरफ से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सहारनपुर में रैली कराने का प्रयास चल रहा है। इस लिहाज से अप्रैल के प्रथम सप्ताह में जिले में राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता पहुंचेंगे, जिससे जिले का सियासी पारा चढ़ा रहेगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/