आज नौ अगस्त की रात से एनएच-58 पर हल्के चार पहिया वाहनों और रोडवेज बसों को छूट दी जा सकती है। कांवड़ियों की संख्या को देखकर हाईवे से बैरियर और बैरिकेडिंग भी हटा ली जाएगी। वहीं, भारी वाहनों का डायवर्जन दस अगस्त की रात्रि तक रहेगा। तभी से हाईवे और शहर में भारी वाहन आ-जा सकेंगे।
कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली-देहरादून हाईवे (एनएच-58) को पहले वनवे किया गया था। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर छह अगस्त से हाइवे को बंद कर दिया गया था। जिसके बाद यात्रियों को तो परेशानी झेलनी पड़ी ही, वहीं आधा शहर भी घरों में कैद रहा।
आज नौ अगस्त की शिवरात्रि है। ऐसे में बृहस्पतिवार शाम तक अधिकांश कांवड़िये अपनी मंजिल तक पहुंच जाएंगे। वहीं, बुधवार को हाईवे पर डाक कांवड़ का जोर रहा। पुलिस के अनुसार अधिकांश डाक कांवड़ बृहस्पतिवार मध्याह्न तक अपने शिवालय पहुंच जाएंगी। ऐसे में बृहस्पतिवार रात से हाईवे पर हल्के चार पहिया वाहनों और रोडवेज बसों को छूट दी सकती है। हालांकि भारी वाहनों का डायवर्जन दस अगस्त की शाम छह बजे तक है। लेकिन उस समय शहर में नो एंट्री है। ऐसे में भारी वाहन दस अगस्त की रात्रि से हाईवे और शहर में आ-जा सकेंगे।
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी का कहना है कि नौ अगस्त की रात तक कांवड़ियों की संख्या देखकर ही हल्के चार पहिया वाहनों और रोडवेज बसों को छूट दी जाएगी। इस संबंध में मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद प्रशासन से संपर्क किया जाएगा कि उनके यहां कांवड़ियों का दबाव है या नहीं।