मेरठ। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज सोसाइटी लखनऊ की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के विभिन्न स्पोर्ट्स कालेजों में कक्षा छह, नौ और 11 में प्रवेश के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस वर्ष कुल 518 रिक्त सीटों पर होनहार खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी सरकार के 'खेलसाथी' पोर्टल के माध्यम से अपना आनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसे लेकर मेरठ के खिलाड़ियों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। मेरठ के ट्रायल सहारनपुर में 15-16 मई को होंगे। इसे लेकर शुक्रवार को भी काफी संख्या में जानकारी करने कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। एथलेटिक कोच गौरव त्यागी ने बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट sportscollegelko.in या 'खेलसाथी' पोर्टल https://khelsathi.in पर जाकर फार्म भर सकते हैं। आवेदन शुल्क मात्र 200 रुपये आनलाइन ही जमा करना है। इसके लिए कुछ अनिवार्य दस्तावेज भी निर्धारित हैं। खिलाड़ी गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ, वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कालेज सैफई, फतेहपुर व सहारनपुर स्पोर्ट्स कालेज में प्रवेश ले सकते हैं। संवाद