रैपिड रेल पिलर निर्माण की तैयारियों को अंतिम रूप
परतापुर। विद्युत तार अंडरग्राउंड होने के बाद रैपिड रेल के लिए पिलर बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दिल्ली रोड पर होंडा शोरूम के समीप एलएंडटी के इंजीनियरों ने पिलर को डिजाइन करने की तैयारी कर ली है। पिलर निर्माण के लिए अत्याधुनिक मशीनें शताब्दीनगर स्थित कॉस्टिंग यार्ड में बुला ली गई हैं। हालांकि, रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से कार्य प्रभावित हो रहा है।
17 फिट उंचे पिलर अब जमीन से निकलकर सड़क की ओर दिखने लगे हैं। इसके लिए अत्याधुनिक मशीनें मंगवाई जा रही हैं। कुंडा फाटक से संजय वन तक पिलर निर्माण जोरों पर है। परतापुर फ्लाईओवर के समीप तीन पिलर बनाए जाएंगे। जिनकी उंचाई अधिक होगी। इसके लिए माप पूरी कर ली गई है। एनसीआरटीसी की टीम ने बृहस्पतिवार को कार्य का जायजा लिया। एनसीआरटीसी ने अंडरग्राउंड बिजली के तार ठेकेदार के कर्मचारियों ने मोहिउद्दीनपुर से लेकर परतापुर तक बिछा दिए हैं। हालांकि गड्ढों को अभी तक भरा नहीं गया है। जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।
इंजीनियरों के लिए 11 कमरे तैयार
शताब्दीनगर स्थित कास्टिग यार्ड 40 बीघा स्थान में तैयार किया गया है। जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 11 कमरे तैयार किए हैं। इनके अतिरिक्त कास्टिंग यार्ड में कंक्रीट प्लांट व सर्विस सेंटर बना दिया है। यहां मशीनों की रिपेयरिंग एवं सर्विस हो सकेगी।