बिजनौर। जिले में लोकसभा चुनाव के लिए 3014 बूथों पर मतदान होना है, मतदान के लिए तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। जिले को 28 जोन और 298 सेक्टर में बांटा गया है। चुनाव प्रचार थमते ही जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया। बाकायदा बॉर्डर पर 24 जगह नाकेबंदी कर चेकिंग की जा रही है। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सीएपीएफ की 46 कंपनी, पांच हजार होमगार्ड और पांच हजार पुलिसकर्मी पहुंच चुके हैं। जिन्हें ब्रीफ करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने दिशा निर्देश दिए।
बुधवार की शाम छह बजे से चुनाव प्रचार पर रोक लगा दी गई जोकि अगले 48 घंटे तक जारी रहेगी। चुनाव प्रचार थमने के साथ साथ ही 48 घंटों के लिए शराब की दुकानों को भी बंद कराया गया। जिन्हें मतदान की समाप्ति के बाद ही खोला जाएगा। उधर मंगलवार की देर शाम एसपी नीरज कुजार जादौन ने अंतरजनपदीय और अंतरराज्यीय बॉर्डर पर नाकेबंदी के लिए लगाए गए बैरियर का निरीक्षण किया। बता दें कि पुलिस की ओर से 11 अंतरराज्यीय बॉर्डर और 13 अंतरजनपदीय बॉर्डर पर नाकेबंदी करते हुए सील किया गया है।
- पोलिंग पार्टी के रवानगी स्थलों का लिया जायजा
बुधवार को एसपी नीरज कुमार जादौन ने जिला मुख्यालय पर बनाए गए पोलिंग पार्टी के रवानगी स्थलों का जायजा लिया। इसके साथ ही बुधवार की शाम पुलिस फोर्स को भी ब्रीफ किया गया। एसपी ने रवानगी स्थलों की तैयारियों को लेकर दिशा निर्देश दिए।
- गैर जनपदों से पहुंची पुलिस फोर्स
बुधवार को बाहरी जनपदों से आने वाली पुलिस फोर्स बिजनौर पहुंच चुकी थी, केंद्र की ओर से 46 सीएपीएफ की कंपनी को भेजा गया है। इसके साथ ही प्रदेश के पूर्वी जिलों से करीब पांच हजार होमगार्ड और पांच हजार पुलिसकर्मी भी बिजनौर भेजे गए हैं।
- आवाजाही की ठोस वजह बताने पर ही मिलेगी बॉर्डर पर एंट्री
चुनाव को लेकर जिले के बॉर्डर को सील कर दिया गया है। ऐसे में जिले की सीमा पर चुनाव के दिन उन्हीं लोगों को आने दिया जाएगा जोकि यात्रा का सही कारण बता पाएंगे। जिले के वाशिंदों को आने में दिक्कत नहीं होगी। इसके साथ ही बीमार या नौकरीपेशा लोग आवाजाही कर सकेंगे। उधर, अमरोहा में चुनाव नहीं होने की वजह से अमरोहा से लग रही बिजनौर की सीमा पर चेकिंग ज्यादा सख्त रहेगी।