बैठक कर रणनीति बनाई, प्राचार्या ने छात्र-हित में समय से पंजीकरण की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में नए शैक्षिक सत्र की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बैठक आयोजित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर विनीता राठी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी सत्र के दाखिलों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में प्राचार्या प्रो. विनीता राठी ने कला, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के स्नातक (यूजी) प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी पंजीकरण के समय वांछित तीन कॉलेजों की सूची में प्रथम वरीयता के रूप में राजकीय महाविद्यालय हस्तिनापुर का ही चयन करें।
बैठक के दौरान महाविद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया गया कि गत शैक्षिक सत्र में कॉलेज ने पठन-पाठन की संस्कृति को एक नया आयाम दिया है। छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज परिसर में कई रचनात्मक गतिविधियों और कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रमों का सफल संचालन किया गया।
प्राचार्या ने विश्वास जताया कि आगामी सत्र में भी महाविद्यालय छात्र-छात्राओं को रचनात्मक, मौलिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर प्रोफेसर जितेन्द्र कुमार बालियान, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. विजय वीर सिंह, डॉ. मनोज आर्य और डॉ. मोनू सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।