संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। ऐतिहासिक नगरी के श्वेतांबर मंदिर जैन तीर्थ पर पांच दिवसीय पारणा कल्याणक महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले महोत्सव के लिए पारणा कल्याणक मंदिर, अष्टापद मंदिर और श्री जैन श्वेतांबर मंदिर सहित पूरे तीर्थ क्षेत्र को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिरों में विशेष सजावट, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है।
श्री हस्तिनापुर तीर्थ क्षेत्र समिति के महामंत्री शुभकांत जैन और प्रबंधक तेजपाल सिंह ने बताया कि यह स्थल आदि तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव के वर्षीतप पारणे का मूल स्थान माना जाता है। इसी कारण इस महोत्सव का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर इक्षुरस (गन्ने के रस) से पारणा कर धर्म लाभ अर्जित करते हैं।
महोत्सव के तहत 19 अप्रैल को भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर मुख्य कार्यक्रम होगा। इसमें दूर-दराज से आए तपस्वी इक्षुरस से पारणा करेंगे। इस दौरान भगवान शांतिनाथ और पारणा स्थल पर भगवान आदिनाथ का विशेष प्रक्षाल पूजन भी किया जाएगा।